आगरा उत्तर प्रदेश

ताजनगरी में कोरोना का कहर जारी, 957 पर पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा

आगरा: ताजनगरी में कोरोना वायरस का कहर जारी है। बीते 24 घंटे में आगरा जिले में 12 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले है। अब संक्रमितों का आंकड़ा 957 पर पहुंच गया। नए मरीजों में पांच महिलाएं और सात पुरुष हैं। जबकि दो मरीज ठीक होकर घर भी गए। अब तक 813 मरीज स्वस्थ होकर जा चुके हैं। 95 मरीजों का उपचार चल रहा है।

मौत के आंकड़ों में लगातार हो रहा इजाफा

अनलॉक 1 के बाद पिछले कुछ दिनों से रोज एक-दो संक्रमित मरीज की मौत हो रही है। शनिवार को हरीपर्वत क्षेत्र निवासी 62 वर्षीय कोरोना संक्रमित ने दम तोड़ दिया। इससे मृतकों संख्या 49 हो गई। आगरा के सिरकी मंडी, कमला नगर, खेरिया, ताजगंज, बोदला, सोहल्ला, दयालबाग में संक्रमित मिले हैं। संक्रमण बढ़ता देख प्रशासन विचार कर रहा है कि शहर में कुछ और छूट दी जाए या नहीं। इस पर रविवार को ही फैसला होना है।

आगरा जिले में कंटेनमेंट जोन की बढ़ी संख्या

शहर में संक्रमित की मौत की शुरुआत कमला नगर से ही हुई थी। यहां पर संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। कमला नगर, बल्केश्वर, वसंत विहार, लोहिया नगर में संक्रमित मिल चुके हैं। यहां नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। अब कंटेनमेंट जोन की संख्या 58 हो गई है। जिसमें 41 शहर में और 17 देहात क्षेत्र में है।