आगरा

हंगामें भेंट चढ़ा आगरा नगर निगम का विशेष सदन, पार्षदों ने सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल

आगरा: कोरोना वायरस संक्रमण काल में सूरसदन प्रेक्षागृह में आगरा नगर निगम का विशेष सदन बुलाया गया। लेकिन विशेष सदन हंगामे की भेंट चढ़ता दिखा। सूरसदन में हो रहे विशेष सदन की शुरुआत में ही पार्षद ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाकर की।

मंचासीन मेयर नवीन जैन एवं नगरायुक्त निखिल टीकाराम के समक्ष पार्षद रवि माथुर ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन तरीके से कार्य करने पर जोर दिया। इसके बाद चार बार के पार्षद शोभाराम राठौर ने सदन में मेयर नवीन जैन पर आरोप लगाया कि मेयर ने नगरायुक्त को दवाब में लेने के लिए सदन बुलाया है। इस पर मेयर ने शोभाराम राठौर को कार्रवाई की चेतावनी दी।

हंगामे को देखते हुए निगम का टास्क फोर्स एवं पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। निगम के सौ वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। न तो ठीक से झाड़ू लग रही है और न ही कूड़े का उठान हो रहा है। निगम कार्यालय में हर दिन सौ से अधिक शिकायतें मिल रही हैं। शिकायतों का निस्तारण भी ठीक से नहीं हो रहा है।

बता दें कि दो सप्ताह पूर्व पार्षद रवि माथुर सहित अन्य ने सफाई को लेकर विशेष सदन बुलाने की मांग की थी। इसका संज्ञान लेते हुए महापौर नवीन जैन ने विशेष सदन बुलाया था। आगरा के सूरसदन में हुए सदन के दौरान बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। सेनिटाइजेशन के बाद ही पार्षदों, अधिकारियों को सदन में प्रवेश मिला।