आगरा खेल देश दुनिया

ताजनगरी में जुटेंगे देशभर के तीरंदाज, 2 जुलाई को होगा नेशनल क्रॉसबो शूटिंग चैंपियनशिप का आगाज

आगरा: यूरोपीय देशों का मशहूर खेल क्रॉसबो अब भारत में तेजी से बढ़ रहा है। देश में तीरंदाजी के कई राष्ट्रीय खिलाड़ी क्रॉसबो में करियर बना रहे हैं। आगरा एयरफोर्स के 1971 स्वर्णिम जयंती पार्क में तृतीय नेशनल क्रॉसबो शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 2-3 जुलाई को किया जा रहा है। जिसमें देशभर से 100 धनुर्धारी प्रतिभाग करेंगे।

इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों में सीनियर और जूनियर वर्ग में बालक व बालिका वर्ग में मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तराखंड आदि प्रदेशों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए 15 टारगेट बॉक्स तैयार किए गए हैं।

इंडियन क्रॉसबो शूटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत विज ने बताया कि यूरोप के 28 देशों के अलावा अमेरिका और रूस में क्रॉसबो व्यापक स्तर पर खेला जाता है। खेल के बदलते परिवेश में क्रॉसबो, तीरंदाजी का आधुनिक रूप है। खिलाड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए इस खेल को भी मान्यता मिलनी चाहिए। क्रॉसबो में राष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

इंडियन क्रॉसबो शूटिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय क्रॉसबो खिलाड़ी हिना विज का कहना है कि इस चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर भारतीय क्रॉसबो टीम का चयन किया जाएगा। हिना ने बताया कि हमारा प्रयास इस खेल को लगातार बढ़ावा देने का है। तीरंदाजी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी क्रॉसबो की ओर रुख कर रहे हैं।

वहीं प्रतियोगिता से पहले नेशनल क्राॅसबो चैंपियनशिप ट्रेनिंग कैम्प का आयोजन भी किया गया। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय कोचों ने खिलाड़ियों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी। इस आयोजन में वायुसेना के अधिकारी भी भाग लेगें।