उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद राजनीति

सिर्फ ट्वीट करना जानते है अखिलेश और प्रियंका, खेती- किसानी के बारे में कुछ नही जानते: केशव प्रसाद मौर्य

फिरोजाबाद: किसान बिल का विरोध कर रहे विपक्षी दलों पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी वाड्रा खेती-किसानी के बारे में तो कुछ नहीं जानते, वो सिर्फ ट्वीट करते रहते हैं। 

टूंडला विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने आज उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फिरोजाबाद पहुंचे। उन्होंने बेनीवाल गार्डन में भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी ली। 

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि हम प्रदेश की आठ सीटों पर हो रहे उप चुनावों में सभी आठों सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा जब एक साथ लड़े तब भी भाजपा को 51 प्रतिशत वोट मिले थे और इस बार उपचुनाव में भी भाजपा विपक्षी दलों पर भारी पडे़गी। 

बैठक में भाजपा के ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, आगरा सांसद एसपी सिंह बघेल, फिरोजाबाद सांसद डॉ चंद्रसेन जादौन, विधानसभा प्रभारी नागेंद्र गामा दुबे, विधायकों में मनीष असीजा, डॉ. मुकेश वर्मा, रामगोपाल पप्पू लोधी, महापौर नूतन राठौर, जिला उपाध्यक्ष वृंदावन लाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।