आगरा उत्तर प्रदेश क्राइम देश दुनिया

स्पेशल फ्लाइट से लाए गए 38 जम्मू कश्मीर से कैदी, आगरा सेंट्रल जेल की विशेष बैरक में रखे गए

आगरा (रोमा): जम्‍मू एवं कश्मीर की जेलों से 38 बंदियों को खेरिया एयरपोर्ट पर दोपहर बाद विमान पहुंचा है। इनमें 27 बंदी कश्मीर और 11 बंदी जम्मू कश्मीर की जेलों से भेजे गए हैं। सजायाफ्ता बंदियों से अलग कश्मीरी बंदियों को विशेष बैरक में रखा गया है। केंद्रीय कारागार आगरा में कश्मीरी बंदियों की ये दूसरी खेप है। पांच दिन पहले 15 कश्मीरी बंदियों को यहां दाखिल किया गया था। तीन कश्मीरी बंदी यहां पहले से ही निरुद्ध हैं। जिनमें दो बंदी पाक अधिकृत कश्मीर के हैं। इस तरह से केंद्रीय कारागार आगरा में निरुद्ध कश्मीरी बंदियों की संख्या अब 56 हो गई है।

जम्मू-कश्मीर में पिछले दिनों टारगेट किलिंग की घटनाएं होने के बाद वहां पर सख्ती बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राज्य विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों की धरपकड़ शुरू कर दी है। ऐसे में पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत गिरफ्तार किए गए बंदियों को दूसरे राज्यों की जेलों में स्थानांतरित किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर की जेलों में बंद 38 बंदियों को आगरा के केंद्रीय कारागार में भेजा गया है। 

इससे पहले भी 17 कश्मीरी बंदियों को आगरा केंद्रीय कारागार भेजा गया था। इन सभी बंदियों को विशेष बैरक में रखा गया है। इसके अलावा यहां पर हाई सिक्योरिटी सेल में पहले से बंदी निरुद्ध हैं। जम्मू-कश्मीर से बंदियों को भेजने का सिलसिला 2019 से जारी है।

बता दें कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद वहां सक्रिय अलगाववादी लोगों को तत्कालीन सरकार ने गिरफ्तार किया था। इनमें 80 से ज्यादा बंदियों को विशेष विमान से आगरा सेंट्रल जेल भेजा गया था।