आगरा उत्तर प्रदेश खेल देश दुनिया राजनीति

बबीता फोगाट ने प्रियंका गांधी पर कसा तंज: कहा- दीदी को अब पता चला कि वह लड़की हैं- लड़ सकती हैं…

आगरा: फिल्म दंगल से घर घर में चर्चित हुई अंतर्राष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट ने मंगलवार को ताजनगरी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दीदी को 50 साल की उम्र में आकर पता चला कि वह लड़की हैं और लड़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह बात सुनकर हंसी आती है। फोगाट ने कहा कि भाजपा राज में रामराज है। सपा की सरकार में गुंडों का राज था। उन्होंने युवोत्थान पर कहा कि युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है। युवा देश का भविष्य हैं।

डा. भीम राव आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आयोजित युवोत्थान कार्यक्रम में उनके साथ भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी शिरकत की। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश में चार साल में नया स्वरूप, विकास की नई रूपरेखा और स्वाभिमान का नया अभियान शुरू हुआ है। केंद्र और प्रदेश की सरकारें विकास की राजनीति कर रही हैं।

देश का युवा राजनीति के पुराने घिसे हुए फार्मूले जिसमें जातिवाद, परिवारवाद, सम्प्रदायवाद था, उसे पीछे छोड़कर राष्ट्रवाद और विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। कृषि कानूनों का रद्द करने के बाद की स्थिति पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इसके लिए समिति गठित की है। समिति फसलों के विविधीकरण, जैविक खेती पर चिंतन करेगी।

इस दौरान भाजयुमो ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम, मंत्री गौरव राजावत, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित, मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह रावत, अक्षित जैन आदि मौजूद रहे।