आगरा उत्तर प्रदेश राजनीति

भाजपा बताए दोगुनी आय वाला एमएसपी किसानों को कब मिलेगा: अखिलेश यादव

आगरा: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव के घर एक शादी समारोह में शिरकत करने आगरा पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन कर रहे हैं और एमएसपी बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा सरकार बताए कि किसानों को दोगुनी आय वाली एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) कब मिलेगा? चुनाव में भाजपा नेताओं ने किसानों से आय दोगुनी करने का वादा किया था। आगरा में भी भाजपा नेताओं ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करके वोट मांगे थे। अब किसान पूछ रहे हैं कि यह आय दोगुनी करने वाली एमएसपी कब मिलेगी? भाजपा सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

दो दिन पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव अखिलेश यादव गाजर और धनिये के पत्ते अंतर नहीं बता पाएंगे। इस पर अखिलेश ने कहा कि सभी समाजवादी खेती करते हैं, हम खेती के बारे में सब जानते हैं। हम दूध का काम भी करते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा के लिए मेट्रो ट्रेन की मंजूरी सपा सरकार ने दी थी। इनर रिंग रोड भी समाजवादी पार्टी ने ही बनवाया था जिससे ट्रैफिफ जाम से मुक्ति मिले, इसका काम आगे नहीं बढ़ा। ताजनगरी में स्ट्रीट कैफे बनवा रहे थे, पता नहीं उसका आगे क्या हुआ? 

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने आगरा में मुगल म्यूजियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम किया है लेकिन इससे कुछ नहीं होता। यह म्यूजियम गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल होगा। सपा सरकार ने म्यूजियम को मंजूरी दी थी, पैसा दिया था, काम शुरु हो गया था, पता नहीं काम कहां तक पहुंचा है? उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर म्यूजियम में शिवाजी महाराज की माताजी जीजाबाई की प्रतिमा लगवाएंगे। आगरा के लोग महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा लगाए जाने की मांग कर रहे हैं, यह भी लगवाई जाएगी। शहीद-ए-आजम भगत सिंह का भी आगरा से जुड़ाव रहा था, उनकी भी प्रतिमा लगेगी।

वहीं यूपी की सात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिली हार पर अखिलेश यादव ने कहा कि उससे कोई फर्क नही पड़ता, 2022 का मुख्य चुनाव समाजवादी पार्टी ही जीतेगी।