आगरा उत्तर प्रदेश देश दुनिया

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश से बढ़ी ठंड, जानिए आगरा समेत पूरे उत्तर भारत का हाल

नई दिल्ली (डेस्क): दिल्ली और आसपास के राज्यों में हुई हल्की बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हुई, जबकि पश्चिम विक्षोभ की वजह से उत्तरी क्षेत्र के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हल्की बारिश के बाद आज सुबह से चल रही सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है।

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और बारिश का असर आगरा, मथुरा और आसपास के जिलों में देखने को मिल रहा है। आगरा में सुबह से ही सर्द हवाएं चल रही है। सर्दी बढ़ने के साथ तापमान भी लुढ़क गया है। आगरा में आज सर्द हवा चलने के कारण न्यूनतम और अधिकताम तापमान में गिरावट देखी गई है। आगरा में आज अधिकतम तामपाम 24.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।

वहीं दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को तापमान और गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार बारिश के कारण हवा में आर्द्रता बढ़ गई है, जिससे अगले दो तीन दिन तक घना कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को “बेहद खराब” श्रेणी में दर्ज की गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण इसमें सुधार की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी के बाद राज्य में भी शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। कोठी और गोंडला में 30-30 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। वहीं केलोंग में 12 सेंटीमीटर, मनाली में 12 सेंटीमीटर, कल्पा में 7.5 और डलहौजी में चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। जिसकी वजह से केलांग में न्यूनतम तापमान लगभग -3 पहुंच गया है। चंबा में 8.2, धर्मशाला में 4.2 और कुल्लू में 7.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

हिंदुस्तान का जन्नत कहे जाने वाले कश्मीर घाटी में बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य सड़कों को बंद कर दिया गया है। जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और इस मार्ग को बंद करना पड़ा। राजमार्ग पर स्थित जवाहर सुरंग की सतह पर बर्फ की 9 इंच मोटी परत जमा हो गई है और मरोग, मगेरकोट और पंथियाल में बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से सड़क बाधित हो गई है।

उत्तराखंड में भी भारी बर्फबारी देखी जा रही है। ऊंचाई पर स्थित टिहरी और चमोली जिले में ताजा बर्फबारी हुई और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है, जिससे राज्य में ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने अनुसार इन जिले में बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड बढ़ गई तथा न्यू टिहरी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहेगा।