आगरा उत्तर प्रदेश क्राइम

बिना लाइसेंस के बेचे जा रहे थे पटाखे, पुलिस ने मारा छापा, दुकान सील

आगरा (रोमा): अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण करने के खिलाफ ताजनगरी में पुलिस- प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थाना न्यू आगरा के दयालबाग क्षेत्र में बुधवार शाम एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और एडीएम सिटी प्रभाकांत अवस्थी ने एक पटाखे की दुकान पर छापा मारा। यहा पर बिना लाइसेंस के ही पटाखों की बिक्री हो रही थी। जहां पर करीब 15 लाख रुपये का माल रखा हुआ था। पुलिस ने दुकान को सील कर दिया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दयालबाग में बिना लाइसेंस के पटाखे बेचे जा रहे है। शिकायत पर पुलिस और प्रशासन की टीम जांच करने पहुंची। दुकानदार ने अपना लाइसेंस दिखाया। लाइसेंस कुसुम दुबे के नाम पर था, लेकिन लाइसेंस मार्च में ही खत्म हो गया था। लाइसेंस को रिन्यू नहीं कराया गया था। इस दुकान को अरुण दुबे अवैध तरीके से चला रहा था। दुकान में अवैध तरीके से करीब 15 लाख रुपये के पटाखों को भंडारण किया गया था। वहीं आज विस्फोटक विभाग की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है, जिसके बाद इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

आगरा शहर के अलावा देहात क्षेत्र में भी ये अभियान चलाया गया। जहां प्रशासन द्वारा अछनेरा कस्बे में तीन पटाखा गोदामों को अनियमितता बरतने पर सील कर दिया गया। गोदामों में थोक बिक्री के लाइसेंस पर फुटकर बिक्री की जा रही थी। गोदाम में बेतरतीब तरीके से पटाखे रखे हुए थे। अग्निशमन का इंतजाम भी पूरा नहीं था। इस पर थोक लाइसेंस धारक दिनेश चंद्र अग्रवाल, मित्तल ट्रेडर्स, जय अंबे पटाखा स्टोर के गोदामों को सील कर दिया है और तत्काल प्रभाव से बिक्री पर रोक लगा दी है। साथ ही सभी अभिलेख कब्जे में लेकर नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।

बता दे कि बीते दिनों आगरा के शाहगंज इलाके में अवैध पटाखों के गोदाम में ब्लास्ट हो जाने से हादसे में चार लोगों की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद से ही आगरा पुलिस और प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है।