आगरा उत्तर प्रदेश देश दुनिया राजनीति

प्रियंका गांधी ने आगरा में चला सियासी दांव, चुनावों में कांग्रेस वाल्मीकि समाज को देगी टिकट

आगरा: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वाल्मीकि समाज को अपने पक्ष में करने के लिए बड़ी घोषणा की है। प्रियंका गांधी ने वाल्मीकि समाज के नेताओं के साथ बैठक में कहा कि आगरा सुरक्षित सीट पर वाल्मीकि समाज को टिकट देंगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में जहां भी वाल्मीकि समाज का अच्छा प्रतिनिधित्व होगा, वहां समाज के व्यक्ति को टिकट दी जाएगी।

फिरोजाबाद में महिलाओं से संवाद के बाद प्रियंका गांधी देरशाम आगरा के एमजी रोड स्थित वाल्मीकि वाटिका पहुंची। यहां पर उन्होंने वाल्मीकि समाज के करीब दो दर्जन प्रमुख लोगों के साथ बैठक की। प्रियंका गांधी ने सबसे पहले पुलिस कस्टडी में मारे गए अरुण वाल्मीकि के परिवारीजनों से बातचीत की। अरुण की बेटी को अपने पास बैठाया और उनसे हालचाल लिए। इसके बाद उन्होंने समाज के लोगों से बात की। प्रियंका गांधी ने कहा कि वो चाहती हैं कि आगरा में एक विधानसभा सीट से वाल्मीकि समाज का प्रत्याशी उतारा जाएगा। ऐसे में समाज के लोग एक नाम फाइनल कर उन्हें बता दें, जिससे उसे प्रत्याशी बनाया जाए। इसके अलावा उन्होंने पूरे प्रदेश में जहां- जहां भी वाल्मीकि समाज जीतने की संभावना रखता हो, उसका नाम बताएं, ऐसे प्रत्याशियों को कांग्रेस पार्टी टिकट देगी। इससे पहले प्रियंका गांधी आगरा में अरुण वाल्मीकि की मौत पर उनके घर आई थीं।

मीडिया से बातचीत करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हाथरस में वाल्मीकि समाज के साथ अत्याचार हुआ। आगरा में भी ऐसा हुआ। वाल्मीकि समाज पर बार-बार अत्याचार हो रहा है। ऐसे में मैं सोच रही थी कि हम किस तरह से संदेश दे सकते हैं कि वाल्मीकि समाज अपनी लड़ाई स्वयं लड़ सके। इसके लिए कांग्रेस पार्टी वाल्मीकि समाज के प्रत्याशी को टिकट देगी।

बता दें कि पिछले दिनों वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रियंका गांधी वाड्रा को आगरा आने को आमंत्रित किया था। इसे स्वीकार करते हुए वो यहां पहुंचीं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आगमन को लेकर कांग्रेसियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। उनके आगमन से पूर्व ही एमजी रोड को पार्टी के झंडों से पाट दिया गया था। पुलिस ने एहतियातन प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले के पहुंचने से पहले ही एमजी रोड पर एक ओर का ट्रैफिक रोक दिया था और जाने तक यह व्यवस्था लागू रखी।