खेल देश दुनिया

‘फ्लाइंग सिक्ख’ मिल्खा सिंह ने दुनिया को कहा अलविदा, पीएम मोदी समेत कई हस्तियों ने जताया दुख

आगरा अपडेट डेस्क: ‘फ्लाइंग सिक्ख’ के नाम से मशहूर एथलीट पूर्व ओलंपियन पद्मश्री मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात को निधन हो गया है। मिल्खा सिंह 19 मई को कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद 24 मई को उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के आग्रह पर मिल्खा सिंह को 30 मई को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और वे अपने घर पर ही थे। तीन जून को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। तब से वे यहां उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने दुख जताया है।

बीते बुधवार को मिल्खा सिंह की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन संक्रमण के कारण वह बेहद कमजोर हो गए थे। शुक्रवार दोपहर अचानक उनकी तबीयत गंभीर हो गई। बुखार के साथ उनका ऑक्सीजन स्तर नीचे गिरने लगा। पीजीआई के डॉक्टरों की सीनियर टीम उन पर नजर बनाए हुए थी, लेकिन देर रात उनकी हालत बिगड़ गई और रात 11.40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के साथ भारतीय खेल के एक युग का अंत हो गया। इस दुखद सूचना से देश और दुनिया के खेल प्रेमियों में शोक की लहर फैल गई। 

बता दें कि 26 मई को मिल्खा सिंह के साथ उनकी पत्नी निर्मल कौर (85) भी कोरोना संक्रमित हो गईं थीं। हालत गंभीर होने पर उन्हें मोहाली के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। उनकी भी हालत कई दिनों तक स्थिर बनी हुई थी, लेकिन 13 जून की शाम को उनका निधन हो गया। मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी के बीच काफी जुड़ाव था। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा है ”हमने एक महान खिलाड़ी खो दिया है…”  जिसने देश की कल्पना पर कब्जा कर लिया और अनगिनत भारतीयों के दिलों में एक विशेष स्थान बना लिया। उनके प्रेरक व्यक्तित्व ने खुद को लाखों लोगों का प्रिय बना दिया। उनके निधन से आहत है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर मिल्खा सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने लिखा है, ”मिल्खा सिंह एक बेहतरीन एथलीट और स्पोर्टिंग लेजेंड थे। उन्होंने अपनी उपलब्धियों से देश को गौरवंतित महसूस कराया था। वह एक शानदार व्यक्ति थे, अपनी अंतिम सांस तक उन्होंने खेल के क्षेत्र में अपना योगदान दिया। उनके निधन की खबर से मैं दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों को संवेदनाएं। ओम शांति…