आगरा उत्तर प्रदेश देश दुनिया राजनीति

पार्टी के परम्परागत वैश्य वोटों को बिखरने से बचाने के लिए मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

आगरा (रोमा): 2017 में भाजपा ने ताजनगरी के 9 सीटों पर जीत हासिल कर एक रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन इस बार भाजपा के लिए रिकॉर्ड कायम रख अपनी साख बचाये रखना आसान नही है। आगरी की दक्षिण विधानसभा से दो बार के विधायक और वर्तमान भाजपा प्रत्याशी की पकड़ पार्टी को कमजोर प्रतीत होती नजर आ रही है। पार्टी के परम्परागत वैश्य समाज के वोटों को बिखरने से बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को मैदान में उतरना पड़ा है। केंद्रीय मंत्री  पीयूष गोयल ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वैश्य बाहुल्य क्षेत्र में जनसम्पर्क और संवाद कार्यक्रम में आकर वैश्य समाज के वोटों को बिखरने न देने की अपील की है। 

पीयूष गोयल ने समाजवादी पार्टी को घेरते हुए उसे फर्जी समाजवाद की बात करने वाला दल बताया और आगरा के पर्यटन और जूता उद्योग को विकसित करने की बात कही। उन्होंने अपने भाषण में वैश्य समाज को साधते हुए कहा कि आप लोग सकून से व्यापार और कारोबार करना चाहते हो और योगी जी जूता उद्योग के ऊपर विशेष ध्यान दे रहे हैं। हमारी सरकार में टैक्स पर पांच से आठ लाख तक छूट दी गयी है और 30 लाख करोड़ का निर्यात हुआ है। वैश्य समाज हमेशा समाज सेवा करता है। आपकी सब्सिडी छोड़ने से गरीबों को गैस मिली है और आपके टैक्स से लोगों को 19 माह से मुफ्त राशन मिल रहा है। हमारा समाज हमेशा लोगों की मदद करता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने मोबाइल के हर कांटेक्ट पर फोन कर लोगों को पार्टी की उपलब्धियां बतानी है। एक भी वोट बिखरना नहीं चाहिए। कार्यकर्ता प्रचार करेंगे तो लोगों की मदद करने वाली सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा की अन्य दलों में कार्यकर्ता अपने नेता के पक्ष में नहीं हैं और हमारे यहाँ कार्यकर्ता ही नेता है।

आगरा की दक्षिण विधानसभा में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला नजर आ रहा है। बसपा से ब्राह्मण प्रत्याशी रवि भारद्वाज नगर निगम की नौकरी छोड़कर चुनाव के मैदान में कूदे हैं, ब्राह्मण वोटों में सेंध के साथ दलित और मुस्लिम बाहुल्य सीट पर पार्टी के वोट और मुस्लिम समाज की भाजपा के प्रति नाराजगी के जरिये वो विधानसभा में जाना चाहते हैं। वहीं सपा के विनय अग्रवाल वैश्य समाज का वोट अपनी तरफ करके मुस्लिम समाज का वोट लेकर चुनाव जीतना चाहते हैं। आगरा में लगातार दो बार भारी मतों से जीत दर्ज करा चुके विधायक योगेंद्र उपाध्याय के लिए पार्टी ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। भाजपा ने इस सीट पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से लेकर तमाम दिग्गजों को प्रचार के लिए भेजा है। वर्तमान में समीकरण खराब देख कर भाजपा के केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल खुद वैश्य समाज के वोटों को बिखरने से बचने के लिए प्रत्याशी के समर्थन में सड़कों पर घूमते नजर आये हैं।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने किसी कार्यकर्ता द्वारा विरोध न किए जाने की बात कही। मीडिया से बातचीत के दौरान उनके अंदर सवालों का डर साफ़ नजर आया और अपनी बात कहने के बाद उन्होंने कैमरे भागने में ही भलाई समझी। आगरा के बेलनगंज में जनसंपर्क के दौरान और होटल में प्रत्याशी के समर्थन में जनसंवाद के दौरान अपनी बात बोलकर उन्होंने तत्काल भागने में ही भलाई समझी।  

भाजपा के मंत्री भले ही टेक्स में छूट जैसी बाते कर रहे हो लेकिन बता दें कि सरकार द्वारा टैक्स में कोई छूट नहीं दी गयी है और जूते पर अतिरिक्त जीएसटी लगाने से जूता कारोबारी विरोध में हैं। वहीं पर्यटन व्यवसायी कोई सरकारी मदद न मिलने से आक्रोशित हैं।