आगरा क्राइम

लिव इन में रह रही ब्लॉगर की चौथी मंजिल से फैंक कर हत्या, मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठाती ये रिपोर्ट…

आगरा: ताजनगरी में एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से फेंक कर एक महिला ब्लॉगर की हत्या कर दी गई। महिला को गिरता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक महिला फ्लेट में अपने पति को छोड़ अपने दोस्त के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। 

ताजनगरी फेज टू में ओम श्री अपार्टमेंट की चौथी मंजिल के फ्लैट नंबर 404 में अपने दोस्त विपुल अग्रवाल के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही फैशन व फूड ब्लॉगर रितिका सिंह की शुक्रवार को चौथी मंजिल से नीचे फेंक कर हत्या कर दी गई। रितिका सिंह के हाथ बंधे हुए थे और गले में दुपट्टे का फंदा था। लिफ्ट से जाने के दौरान अपार्टमेंट के लोगों ने महिला को गिरते हुए देखा। इसके बाद वे लोग नीचे पहुंचे, जहां महिला खून से लथपथ पड़ी थी। 

रितिका सिंह गाजियाबाद के विजय नगर की रहने वाली थी। दिल्ली के कॉलेज से बीएससी करने के दौरान उसकी पहचान टूंडला निवासी आकोश गौतम से हुई और 2014 में दोनों ने लव मैरिज कर ली। रितिका की 2017 में फेसबुक के माध्यम से फिरोजाबाद निवासी विपुल अग्रवाल से दोस्ती हो गई। विपुल अग्रवाल की भी शादी हो चुकी थी और उनकी पत्नी दंत चिकित्सक है। इसके बाद रितिका और आकाश गौतम के बाद झगड़े होने लगे। 2018 में रितिका अपने पति को छोड़कर दोस्त विपुल के साथ लिव इन में रहने के लिए आगरा आ गई। विपुल भी अपनी पत्नी को छोड़ आगरा में रहने लगा। इस बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और दोनों ने एक साथ रहने का फैंसला किया। ढ़ाई महीने पहले विपुल ने ताजगंज क्षेत्र में ताजनगरी फेस टू के ओमश्री अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 404 किराए पर ले लिया। 

पुलिस की गिरफ्त में आए विपुल ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह और रितिका फ्लैट में थे। तभी रितिका का पति आकाश और उसके साथ दो युवक और दो महिला फ्लैट में पहुंचे। फ्लैट का गेट खुलते ही उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। विपुल से मारपीट करके उसके हाथ अंगोछे से बांधे और उसे बाथरूम में बंद कर दिया। रितिका से मारपीट करके उसके हाथ रस्सी से बांध दिए।इसके बाद आरोपितों ने उसे बालकनी से नीचे फेंक दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विपुल ने बाथरूम मे से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनते ही अपार्टमेंट के लोग विपुल के फ्लेट पर पहुंचे तो आरोपी पति और उसके साथ आए लोग भागने लगे। तभी अपार्टमेंट के लोगों ने आकाश और अन्य दो महिलाओं को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने अपार्टमेंट के लोगों द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि महिला का उसके पति आकाश गौतम से विवाद चल रहा था। आज उसका पति आकाश अपने दो परिचितों और परिवार की दो महिलाओं के साथ फ्लैट पर आया था। जिसके बाद आपस में मारपीट हो गई। आरोप है कि पति ने रितिका को नीचे फेंक दिया। रितिका के हाथ बंधे हुए थे।

इस वारदात के बाद कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो रितिका के शव का है, जबकि दूसरे वीडियो में पति आकाश रितिका के गले में पड़ी रस्सी और दुपट्टे को खोलता हुआ नजर आ रहा है। वह रस्सी खोलने में सफल नहीं हो पाता है। जिससे ये आशंका जताई जा रहा है कि रितिका के हाथ बांधने के बाद गले को दुपट्टे और रस्सी से कसा गया था।

पुलिस ने अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। रितिका सिंह के पति आकाश गौतम और उसके साथ आई दो महिलाएं, दोस्त विपुल अग्रवाल को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जल्द ही वारदात का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।