आगरा उत्तर प्रदेश राजनीति

जिसे हम समझते थे बहुत बड़ा पहाड़, वो तो एक बालू का ढेर निकला: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना

आगरा (बृज भूषण): उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ताजनगरी में खत्री समाज द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने हाल ही में यूपी के रामपुर और आजमगढ़ में हुए लोकसभा उप चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिला हार पर जमकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि हम तो जिसे एक बहुत बड़ा पहाड़ समझते थे, वो तो एक बालू का ढेर निकला। मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लोग ये जानते है कि मोदी जी और योगी जी का अपना कोई निजी एजेंडा नही है। जनता उस पर भरोसा करती है, जो देश सेवा और समाज सेवा के साथ बेहतर प्रशासन दे। 

भाजपा के रणनीतिकार गृह मंत्री अमित शाह और पीएम मोदी के महाराष्ट्र में चले मास्टर स्ट्रोक के सवाल पर मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि शिवसेना के आंतरिक संघर्ष से ही उसकी ये प्रवृत्ति है। भाजपा और शिवसेना का बरसों से गठबंधन चला आ रहा था। क्योंकि शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी का बेमेल और विचारधारा के विपरीत गठबंधन हुआ, इसलिए इसको तो टूटना ही था। लेकिन ये इतने दिन चला, ये अपने आप में आश्चर्य से कम नही है। वहीं भाजपा का अब अगला कदम राजस्थान में सरकार बनाने का होगा, पर किए सवाल को मंत्री जी टाल गए। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दावा किया कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की 400 सीटें आयेंगी। मोदी जी लोग इतना विश्वास करते है।

इससे पहले वित्त मंत्री ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में बताया और पिछले दिनों पेश किए गए बजट के प्रावधानों पर चर्चा की। जिले की प्रगति रिपोर्ट के बारे में भी जानकारी जुटाई। उन्होंने योजनाओं को समय पर मूर्तरूप देने का अफसरों को निर्देश दिए। साथ ही विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने की हिदायत दी।