आगरा उत्तर प्रदेश खेल देश दुनिया

साइना नेहवाल ने अपने पति के साथ किया ‘दीदार-ए-ताज’, जमकर खिंचवाई फोटो

आगरा: ताजनगरी के दौरे पर आईं बैडमिंटन खिलाड़ी ओलंपियन साइना नेहवाल ने मंगलवार सुबह ताजमहल का दीदार किया। वो सुबह आठ बजे अपने पति और दोस्तों के साथ ताजमहल पहुंचीं। साइना ने वीडियो प्लेटफार्म, सेंट्रल टैंक समेत मुख्य मकबरे से ताजमहल की जमकर फोटोग्राफी की और सेल्फी ली। साइना और पारुपल्ली कश्यप फोरकोर्ट से ही ताजमहल के सौंदर्य पर मुग्ध नजर आए। दोनों ने ताजमहल परिसर में अनेक फोटो क्लिक किए।

ताज दीदार में उनकी हर जिज्ञासा को गाइड नितिन सिंह ने पूरा किया। नितिन ने साइना नेहवाल को ताजमहल के निर्माण और शाहजहां- मुमताज की मोहब्बत से संबंधित जानकारी दी। नितिन ने बताया कि साइना और पारुपल्ली कश्यप ने ताजमहल में हो रही पच्चीकारी और उसकी स्थापत्य कला में काफी दिलचस्पी दिखाई। 

ताजमहल में घूमती बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप को उनके प्रशंसकों ने पहचान लिया और उनके साथ सेल्फी ली। साइना पहले भी अपने पिता के साथ ताजमहल देखने आगरा आ चुकी हैं। साइना अपने पति पारुपल्ली कश्यप और मित्रों के साथ रविवार को आगरा पहुंची थीं। रविवार को आगरा में साप्ताहिक बंदी लागू होने की वजह से ताजमहल सहित सभी स्मारक बंद थे। उस दिन उन्होंने होटल की टेरेस से ही ताजमहल देखा था। सोमवार को उन्होंने वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर के दर्शन किए और वहां से लौटते वक्त उन्होंने आगरा अकबर के मकबरे यानि सिकंदरा का दीदार किया था।

बता दें कि साइना ने पिछले सप्ताह दिल्ली स्थित स्मारकों का भ्रमण किया था। साथ ही उन्होंने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से मुलाकात की थी।