आगरा उत्तर प्रदेश खेल देश दुनिया

साइना नेहवाल ने चिश्ती की दरगाह पर बांधा मन्नत का धागा, मांगी ये दुआ

आगरा (रोमा): ओलंपियन साइना नेहवाल ने शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर मन्नत का धागा बांधा। मंगलवार को ताजमहल के दीदार के बाद वो बुधवार को फतेहपुर सीकरी देखने पहुंची। साइना ने अपने पति पारुपल्ली कश्यप व अन्य दोस्तो के साथ फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाजा, जोधाबाई महल, टर्की सुल्तान, चार चमन, एक खंभा महल समेत सभी स्मारक देखे।

साइना लाल पत्थरों की पच्चीकारी और संरचना को देख अभिभूत हो गई। बुलंद दरवाजे की ऊंचाई को देख वे मंत्रमुग्ध हो गई। उन्होंने कहा, वाकई बहुत खूबसूरत है फतेहपुर सीकरी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण फतेहपुर सीकरी उपमंडल के संरक्षक सहायक कलंदर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद साइना ने हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में पहुंचकर मत्था टेक, चादरपोशी की। साथ ही उन्होंने चिश्ती की दरगाह पर मन्नत का धागा भी बांधा। उन्होंने कहा कि दुआ पूरी होने पर जल्द ही मन्नत का धागा खोलने के लिए फिर से दरगाह आयेंगी।

बता दें कि मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल रविवार से आगरा भ्रमण पर हैं। सोमवार को साइना ने मथुरा और वृंदावन का भ्रमण किया था और शाम को लौटते समय अकबर टॉम्ब देखकर वापस आगरा गई थी। मंगलवार को उन्होंने ताजमहल का दीदार किया और शाम को ताज व्यू प्वाइंट से ताज देखा था। अब फतेहपुर सीकरी देखने के बाद वो जयपुर के लिए रवाना हो गई।