आगरा धर्म

श्री कृष्ण कथा: जन्मोत्सव की कथा सुन झूमे श्रद्धालु, कोरोना के खात्मे के लिए प्रभु से की प्रार्थना

आगरा (रोमा): वैश्विक महामारी कोरोना के खात्मे के साथ मानव कल्याण के उद्देश्य से विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट आगरा इकाई द्वारा बुधवार से बल्केश्वर स्थित बल्देव धर्मशाला में यज्ञ, कथा और सेवा की त्रिवेणी बहाई जा रही है। इस कृष्ण कथा और यज्ञ का सीधा प्रसारण भी किया जा रहा है। इससे भारत सहित 252 देशों के लाखों भक्त लाभान्वित हो रहे हैं। ]

संत स्वामी चिन्मयानंद बापू के मुखारबिंदु से श्री कृष्ण कथा की अमृत वर्षा की जा रही हैं। कृष्ण कथा के पहले दिन उन्होंने कृष्ण जन्म उत्सव की कथा सुनाकर सबको भाव विभोर कर दिया। “कन्हैया झूलै पलना नैक हौले झोटा दीजो…” भजन पर सब झूम उठे। इस दौरान दुष्टों का संहार करने वाले भगवान श्रीकृष्ण से वैश्विक आपदा कोरोना के वध की प्रार्थना की गई।

ये भी पढ़ें- विश्व कल्याण हेतु राष्ट्रीय संत स्वामी चिन्मयानंद बापू करेंगे श्री कृष्ण कथा की अमृत वर्षा

इससे पूर्व, प्रभु के जयकारों के मध्य बापू ने कथा स्थल का रिबन काटकर दिव्य महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। मंदिर परिसर में ही महिलाओं ने श्रद्धा पूर्वक कलश यात्रा निकाली। हरिनाम संकीर्तन करते हुए कथा स्थल पर कलश स्थापित किए गए।

बलदेव धर्मशाला में ही सुसज्जित यज्ञशाला में देशभर से आए 21 यज्ञ आचार्यों द्वारा 10 महाविद्याओं में से एक बगलामुखी पीतांबरा माता की कृपा पाने को श्री विद्या यज्ञ का दिव्य अनुष्ठान भी किया गया। ललितपुर से आए यज्ञ निर्देशक पंडित कमलेश गोस्वामी ने बताया के श्रीविद्या यज्ञ आधि-व्याधि से मुक्ति और विजय प्राप्ति के लिए अत्यंत फलदाई है। यज्ञ में निरंजन लाल मित्तल, ललिता मित्तल, तीरथ कुशवाह और कमलेश कुशवाह ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। इसके साथ ही पहले दिन सामाजिक सरोकारों के तहत गौ सेवा और यमुना आरती भी की गई।