आगरा उत्तर प्रदेश राजनीति

‘पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला’ का 11 अक्टूबर को भव्य शुभारंभ

  • सीएम योगी आदित्यनाथ स्मृति महोत्सव मेले का करेंगे उद्घाटन
  • लोक संस्कृति को समर्पित मेले का मुख्य आकर्षण होगी डिजीटल प्रदर्शनी
  • ‘ब्रज श्री सम्मान’ से ब्रज संभाग की विभूतियों को किया जाएगा सम्मानित
  • ईको फ्रैंडली आतिशबाजी, गोष्ठी, प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
  • 11 से 14 अक्टूबर तक फरह स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय धाम में चलेगा मेला

आगरा (रोमा)। एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता, भारत माता के अमर समपूर, महामानव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के पावन जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर लोक कला और लोक संस्कृति को समर्पित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला फरह स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय धाम में आयोजित किया जा रहा है। 11 से 14 अक्टूबर तक आयोजित स्मृति महोत्सव मेले का उद्घाटन प्रातः 10 बजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मेले में ब्रज को समर्पित 27 कार्यक्रम होंगे। मेले का मुख्य आकर्षण डिजिटल प्रदर्शनी, ईको फ्रेंडली आतिशबाजी और अन्य कार्यक्रम होंगे।

फरह स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय धाम में 11 अक्टूबर से पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति द्वारा चार दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन एवं उद्घाेषणा समारोह का आयोजन किया गया। मेला मंत्री मनीष अग्रवाल ने धाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में बताया कि पं. दीनदयाल धाम आगरा और मथुरा दोनों की सीमाओं के बीच में स्थित वह शक्ति केंद्र है, जहां पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महामानव का जन्म हुआ था। उनके इस जन्मोत्सव पर लोक कला, लोक संस्कृति को समर्पित एक विराट मेला प्रदर्शनी का आयोजन 11 से 14 अक्टूबर तक धाम में किया जा रहा है। इस चार दिवसीय आयोजन के दौरान दर्जनों की संख्या में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। यह पहला मौका होगा जब आगरा से भी सर्वाधिक संख्या में धाम पर कार्यक्रम आयोजित की जा रहे हैं। जन्मोत्सव के माध्यम से पंडित जी के विचारों राष्ट्र के प्रति उनकी भावनाओं और एकात्म मानववाद और अंत्योदय जैसे विचारों को जनमानस तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेले, विराट किसान संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रातः 10 बजे करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ किसान संगोष्ठी को संबोधित भी करेंगे। विराट किसान संगोष्ठी में विभिन्न जनपदों के पांच हजार किसान भाग लेंगे। 11 अक्टूबर को ही प्रातः 8.30 बजे हवन, 9 बजे रंगोली प्रतियोगिता, लोकगायन और शाम 6.30 बजे शिशु विद्यार्थियों की रंगमंचीय प्रस्तुति और रात 10 बजे से रसिया दंगल होंगे। 12 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से एकात्म मानववाद पर गोष्ठी होगी। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश जी होंगे। इसी दिन प्रातः 8 बजे से हवन और गांव की महिलाओं द्वारा बधाई गीत गायन, 9 बजे से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 11 बजे से लोकगायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम, 3 बजे से कुश्ती दंगल, शाम 7 बजे से नवोदय कवि सम्मेलन, रात्रि 9 बजे से राष्ट्रीय कवयित्री सम्मेलन होगा।

वीडियो के लिए यहां क्लिक करें.- https://www.facebook.com/reel/329873819593142

13 अक्टूबर को प्रातः नौ बजे से गौ पूजन एवं स्वस्थ गौवंश प्रतियोगिता, 11 बजे से भगवान श्रीराम स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता, 10 बजे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय पर विचार पर राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी होगी। संगोष्ठी की मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी होंगी। अपराह्न 1 बजे से ब्रज श्री सम्मान, 2 बजे से भारतीय लोकगीत प्रतियोगिता, 3 बजे से विराट कुश्ती दंगल, 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, रात्रि 9 बजे से ईकोफ्रेंडली आतिशबाजी, रात्रि 10 बजे से जिकड़ी भजन कार्यक्रम है। 14 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से मेधावी छात्र सम्मान (मुख्य अतिथि मंडलायुक्त ऋतु माहेश्वरी), अपराह्न 1 बजे से रोजगार भारती के प्रकल्प एवं प्रशिक्षण में मुख्य वक्ता डॉ. हरीश रौतेला, प्रांत प्रचारक आरएसएस, अपराह्न 3.30 बजे से राष्ट्र निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका, शाम 5.30 बजे से समापन और सम्मान समारोह होगा। दोनों कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि के रूप में यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शिरकत करेंगे। रात्रि 8 बजे से भारतीय लोककला और रासलीला कार्यक्रम का आयोजन होगा।

यह आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव के अध्यक्ष एड. सोनलाल शर्मा, मंत्री मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार पाठक और पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मभूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष मधुसूदन दादू, मंत्री केशव कुमार शर्मा और कोषाध्यक्ष सीए अभिषेक जैन की देखरेख में हो रहा है। एडवोकेट नीरज कुमार गर्ग सर्व व्यवस्था प्रमुख हैं।इस मौके पर प्रमुख रूप से आयोजन समिति के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, आशीष पाराशर, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, स्मारक समिति के मंत्री केशव कुमार शर्मा, मेला समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल, भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री मोहन सिंह चाहर, मीडिया प्रभारी विजय गोयल, आशीष भटनागर, डॉ भानु प्रताप सिंह चपौटा उपस्थित रहे।