आगरा उत्तर प्रदेश धर्म राजनीति

जनकपुरी महोत्सव 2023 का उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

  • भगवान श्रीराम और माता जानकी के स्वरूपों का करेंगे पूजन और आरती
  • 11, 12, 13 अक्टूबर को आगरा में होगा जनकपुरी महोत्सव 2023 का आयोजन

आगरा। उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत जनकपुरी महोत्सव का आयोजन 11, 12, 13 अक्टूबर को आगरा में किया जा रहा है। जनकपुरी महोत्सव का उद्घाटन करने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनक महल में विराजमान भगवान राम और माता जानकी के स्वरूपों की आरती भी करेंगे। इसके लिए उन्होंने जनकपुरी महोत्सव- 2023 आयोजन समिति को अपनी सहमति प्रदान कर दी है। 

उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत जनकपुरी महोत्सव 2023 का आयोजन इस बार शहर के व्यवसायिक केंद्र संजय प्लेस में किया जा रहा है। संजय प्लेस पुलिस चौकी के समीप भव्य जनक महल का निर्माण किया गया है। कलकत्ता से आए 50 से अधिक कलाकारों के द्वारा दिन- रात मेहनत कर अयोध्या के श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति के रूप में जनक महल बनाया है। जनक महल करीब 86 फुट ऊंचा और 180 फुट चौड़ा बनाया जा रहा है। 11 अक्टूबर को भगवान श्रीराम और माता जानकी के स्वरूप जनक महल में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। वहीं 11, 12, 13 अक्टूबर को संजय प्लेस में जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति 2023 के मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार जनकपुरी महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के जनप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया जाएगा। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति को उनकी सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। गजेंद्र शर्मा ने बताया कि 11 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ शाम करीब 5 बजे जनक महल पर पहुंचेंगे। वह जनक महल के मंच पर स्वरूपों की आरती में शामिल होंगे। साथ ही जनकपुरी महोत्सव में पधारे जनसमूह को संबोधित भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह इतिहास में पहली बार होने जा रहा है जब प्रदेश के मुख्यमंत्री जनकपुरी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समिति ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की दृष्टि से बातचीत की जा रही है।

12 अक्टूबर को जिले के प्रभारी मंत्री/ नगर विकास मंत्री एके शर्मा जनकपुरी महोत्सव में शिरकत करेंगे। 13 अक्टूबर को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र के आने की संभावना जताई जा रही है। वहीं 14 अक्टूबर को सम्मान समारोह और श्री खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन होगा।